गढ़वाल रायफल्स की 127 टीए बटालियन और ग्रामीणों ने हरियाली अभियान में निभाई सक्रिय भूमिका, अगले वर्ष बड़े स्तर पर वृक्षारोपण का आश्वासन
सतपुली: पौड़ी जनपद के असवालस्यूं पट्टी स्थित ग्राम धौलीधार और मार्गांव में गुरुवार को सेना एवं स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से हरियाली अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पर्यावरण संरक्षण की इस पहल के तहत विभिन्न प्रजातियों के लगभग 600 पौधों का रोपण किया गया।
यह अभियान पर्यावरण प्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. गिरीश चंद्र बडोला की पहल पर आयोजित किया गया, जिसमें गढ़वाल रायफल्स रेजिमेंटल सेंटर की यूनिट 127 टीए बटालियन के जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान आम, अमरूद, अनार, जामुन, आंवला, नीम, शहतूत, भेमल, श्रेयस तथा गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन की समृद्ध परंपरा से जुड़ी रही है। हरेला जैसे पर्व प्रकृति और मानव के अटूट संबंध का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भले ही हरेला पर्व औपचारिक रूप से 16 जुलाई को मनाया जाता है, लेकिन पूरे मानसून को हरियाली बढ़ाने का मौसम मानते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर ईको बटालियन की ओर से अगले वर्ष क्षेत्र में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का आश्वासन भी दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लेते हुए सेना के जवानों के पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण और सहयोग की सराहना की।
इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीणों और सेना के बीच बेहतर समन्वय एवं सामाजिक सहभागिता का भी संदेश दिया गया।
जगमोहन डांगी



