पौड़ी गढ़वाल: हिमालय क्रांति पार्टी (HKP) ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए ग्राम सभा पोखरी में जनसंपर्क अभियान चलाया। ग्राम पंचायत भवन पोखरी में महिला मंगल दल अध्यक्ष श्रीमती नीलम नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व प्रधान जयपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने हिमालय क्रांति पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने नवागंतुक सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पिछले 26 वर्षों से राष्ट्रीय दलों ने उत्तराखंड की जनता को केवल आश्वासन दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय दल धनबल, बाहुबल और तंत्रबल के सहारे राजनीति कर रहे हैं, जबकि हिमालय क्रांति पार्टी राज्यहित और जनहित को प्राथमिकता देकर कार्य करेगी।
डॉ. बिष्ट ने पार्टी के चार प्रमुख संकल्पों को दोहराते हुए कहा कि HKP सत्ता में आने पर मूल निवास 1950 लागू करेगी, एक परिवार-एक रोजगार नीति लागू करेगी, सशक्त भू-कानून बनाएगी तथा गैरसैंण को स्थायी राजधानी स्थापित करेगी।
उन्होंने स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत पर निशाना साधते हुए कहा कि कटुलस्यूं पट्टी की सड़कें बदहाल स्थिति में हैं और क्षेत्र विकास से कोसों दूर है। उन्होंने कहा कि जनता अब परिवर्तन चाहती है और 2027 में उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
पूर्व प्रधान जयपाल सिंह नेगी ने कहा कि ग्रामीण अब राष्ट्रीय दलों के झूठे वादों से तंग आ चुके हैं और राज्यहित में HKP का समर्थन करेंगे। जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पार्टी स्थानीय लोगों को नेतृत्व देने में विश्वास रखती है और श्रीनगर विधानसभा में पार्टी तेजी से मजबूत हो रही है।
बैठक में डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट, पपेंद्र सिंह रावत, सुरेश चमोली, विपिन कुकरेती, राजेंद्र सिंह रावत, शिव कुमार पांडे, नीलम नेगी, लक्ष्मी देवी, मीना देवी, सुनीता देवी, पार्वती देवी, विमला देवी, रेखा देवी, रिया, अनूप सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह तथा वासुदेव सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
पपेंद्र सिंह रावत
जिला महासचिव, हिमालय क्रांति पार्टी, पौड़ी गढ़वाल।



