कल्जीखाल (पौड़ी गढ़वाल)। विकास खंड कल्जीखाल के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घंडियाल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 16 जुलाई से 18 जुलाई तक आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान कुल 670 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि विभिन्न बीमारियों की पहचान के लिए 130 प्रकार के चिकित्सीय परीक्षण संपन्न किए गए। इसके अलावा 8 दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जारी किए गए।
शिविर में स्त्री रोग, हड्डी रोग, सामान्य रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी), नेत्र रोग, रेडियोलॉजी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान मरीजों को आवश्यक जांच, परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।
चिकित्सकीय टीम में डॉ. सचिन चौबे, डॉ. समीक्षा वर्मा, डॉ. मोहित कुमार, डॉ. दिगपाल, डॉ. जयंती डबराल, डॉ. मोहित, श्रीमती सरिता देवी, अंकित सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।
सीएचसी घंडियाल की प्रभारी डॉ. मीनाक्षी वर्मा ने बताया कि शिविर को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। उन्होंने शिविर में सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रिपोर्ट: जगमोहन डांगी, ग्रामीण पत्रकार



