पौड़ी: विकासखंड कल्जीखाल की मनियारस्यूं पट्टी स्थित ग्राम गढ़कोट में कालानाथ भैरव बाबा का तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं प्रवासी बंधुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
ग्राम प्रधान संगीता देवी ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ 20 जून को हुआ। तीन दिनों तक गंगा स्नान, मूर्ति पुनर्स्थापना, रात्रि भजन-कीर्तन, मंडाण एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन अवसर पर शांति पाठ, पूर्णाहुति और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता देवी, अंजू रावत, सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी तथा जसवीर रावत सहित अनेक गणमान्य लोगों ने मंदिर पहुंचकर बाबा भैरव के दर्शन किए और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
स्थानीय लोगों के अनुसार गढ़कोट स्थित कालानाथ भैरव मंदिर धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। पहाड़ी की ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर से चारों दिशाओं का मनोहारी दृश्य दिखाई देता है। मान्यता है कि यहां विराजमान भैरव बाबा, लंगूर गढ़ी भैरव के अंश स्वरूप हैं।
गढ़कोट गांव के प्रवासियों की संस्था ‘गढ़कोट भ्रात मंडल’ पिछले एक दशक से गांव के विकास और संरक्षण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्था ने लकुंदर गढ़ी स्थित प्राचीन नागदेव मंदिर तथा गढ़कोट की चोटी पर स्थित कुलदेवी मां भुवनेश्वरी मंदिर के जीर्णोद्धार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
भैरव बाबा मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय डबराल एवं जिला पंचायत सदस्य सविता देवी के सहयोग से मंदिर परिसर में भव्य टीन शेड का निर्माण कराया गया है। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की जनहित से जुड़ी सभी आवश्यक मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने कहा कि गढ़कोट गांव सामूहिक सहभागिता और संगठित समाज की उत्कृष्ट मिसाल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए गढ़कोट को हेरिटेज गांव के रूप में विकसित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान घंडियाल अनीता देवी, महिला मंगल दल धारी एवं महिला मंगल दल बुटली, पूर्व प्रधान प्रिया रावत, पूर्व प्रधान पुष्पा देवी, वरिष्ठ नागरिक पीतांबर सिंह रावत, गढ़कोट भ्रात मंडल के अध्यक्ष रविंद्र सिंह रावत, बालम सिंह रावत, विनोद रावत, संजय रावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
जगमोहन डांगी की रिपोर्ट



