Home उत्तराखण्ड हरिद्वार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर पलटी यूपी रोडवेज की बस, हलक में अटकी...

हरिद्वार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर पलटी यूपी रोडवेज की बस, हलक में अटकी 57 यात्रियों की जान

UP Roadways bus overturned on Haridwar-Delhi National Highway

Haridwar Bus Accident: हरिद्वार दिल्ली नेशनल हाईवे पर आज शाम बिजनौर से हरिद्वार जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस अचानक पलटने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक रविवार शाम हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में यूपी रोडवेज की एक बस स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकलवाया।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद डिपो की बस करीब 57 यात्रियों को लेकर हरिद्वार आई थी। कनखल में होटल खान देवड़ा के पास पहुंचते ही अचानक एक स्कूटी बस के सामने आ गई। उसे बचाने के चक्कर में बस डिवाइडर पर चढ़ गई और अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमे 10 लोग घायल हो गए।

लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम द्वारा घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।  घटना में किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। बस को क्रेन के माध्यम से रोड से हटाकर साइड कर दिया गया है।