Home उत्तराखण्ड उत्तराखंड में 9 और10 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों...

उत्तराखंड में 9 और10 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी

Weather Alert Uttarakhand: उत्तराखंड में अगले दो दिन मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून ने 9 और 10 जुलाई 2026 के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

9 जुलाई को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

10 जुलाई को यहां रहेगा ऑरेंज अलर्ट

10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रशासन को दिए गए ये निर्देश

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड में तैनात रखने, सड़क मार्गों की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला सूचना अधिकारियों को मौसम संबंधी चेतावनी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर पर्वतीय और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। नदी-नालों, बरसाती गधेरों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधनों और मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए 24×7 सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, उमस और गर्मी से मिली राहत, कल भी बरसेंगे बदरा