Heavy rain in Delhi-NCR

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR समेत देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून की बारिश जारी है। दिल्ली-एनसीआर में मानसून की पहली ही बारिश ने दिल्लीवालों को बड़ी राहत दी है। इस झमाझम बारिश से दिल्ली को दोहरा फायदा मिला है। एक तरफ जहां तापमान में भारी गिरावट आने से मौसम सुहाना हो गया है, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली की हवा भी इस साल के सबसे साफ स्तर पर पहुंच गई है। बुधवार को सुबह से घने बादल छाए रहे और शहर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। हालांकि, कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम से लोगों को परेशानी हुई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार शाम 4 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) महज 59 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। ये साल 2026 में अब तक का सबसे कम और सबसे बेहतर एक्यूआई है।

मौसम विभाग ने बारिश को लेकर जारी किया अलर्ट

9 जुलाई को देश के मध्य भाग में भारी बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। उप-हिमालय पश्चिम बंगाल, सक्किम, असम, मेघालय, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिमी मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा इन सभी स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यहां बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

गुजरात, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा और तटीय कर्नाटक में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। दिल्ली के साथ-साथ, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है। वहीं 9 जुलाई के बाद से भारत के मध्य भाग में बारिश की गति कम हो सकती है। मध्य भारत में गुरुवार के बाद कम बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम सापेक्ष आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम 60 प्रतिशत रही। सफदरजंग मौसम केंद्र में सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में 24 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तथा अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश और आंधी दर्ज की गई।

गुरुवार को भी हल्की बारिश का अनुमान

भारत मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, गुरुवार को भी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। आईएमडी के अनुसार 10 और 11 जुलाई को भी हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। हालांकि तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 34 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 12 से 14 जुलाई के बीच बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन बारिश कम होने के आसार हैं। विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।