Accident in Uttarakhand: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एक वाहन के खाई में गिरने से 8 लोगों की मृत्यु होने की अत्यंत दुखद खबर है। जानकारी के मुताबिक भिलंगना ब्लॉक में नैलचामी क्षेत्र के चकरेड़ा गांव से 10 लोग हरिद्वार अंत्येष्टि में गए थे। अंत्येष्टि से घनसाली लौटते वक्त उनका वाहन चंबा-कोटीकॉलोनी मोटर मार्ग पर नैल गांव के पास अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में वाहन सवार 10 लोगों में से आठ की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। सभी लोग घनसाली क्षेत्र के महल जामी पट्टी और आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। दुर्घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना आज शाम करीब 4 बजे की है.
इस दुखद घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए सहायता राशि देने की भी घोषणा की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एक वाहन के खाई में गिरने से लोगों की मृत्यु होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक-संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
टिहरी गढ़वाल के चंबा-कौटी मार्ग पर नैल गांव के पास हुए दर्दनाक हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताते हुए एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक दुर्घटना के कारण हुई जान-माल की हानि दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है। ईश्वर करे कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड (PMNRF) की ओर से, जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
वहीं मुख्यमंत्री धामी के कार्यालय से भी इस घटना पर दुख जताया गया। बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी घटना पर दुख जताया और एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा में चम्बा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर हुई भीषण वाहन दुर्घटना का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। यह घटना अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदय विदारक है। ईश्वर से विनम्र प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए सभी पुण्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें औक शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
दुर्घटना में इनकी गई जान
1- आशा लाल (40) पुत्र अषाडू निवासी ग्राम ठेला नैलचामी भिलंगना टिहरी।
2- विजय लाल (36) पुत्र भुरखिलिया निवासी ग्राम ठेला नैलचामी भिलंगना।
3- प्रेमलाल (60) पुत्र संतूलाल निवासी ग्राम चकरेड़ा घटनसाली
4- महावीर (60) पुत्र विशु लाल निवासी चकरेड़ा घनसाली।
5- शिव सिंह (35) पुत्र पुष्कर सिंह वाहन चालक ग्राम होल्टा घनसाली।
6- सोहन लाल (65)गोपाल निवासी ग्राम चकरेड़ा घनसाली।
7- लक्ष्मण (65) पुत्र मुरखिलिया निवासी चांजी घनसाली।
8- राहुल (25) पुत्र हरीश लाल निवासी ग्राम लडियासू रूद्रप्रयाग
घायल हुए दो लोगों की पहचान अंकित (35) और उत्तम कुमार (30) के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में खाई से निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।



