West Bengal and Tamil Nadu Assembly Election 2026: देश के दो बड़े राज्यों पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में आज विधानसभा चुनाव के तहत व्यापक मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान कराए गए। तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में वोट डाले गए। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम तक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, हालांकि कुछ इलाकों में छिटपुट घटनाएं भी सामने आईं। दोनों राज्यों में मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया और रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया।

पश्चिम बंगाल में रात आठ बजे तक के मतदान प्रतिशत

पश्चिम बंगाल में आज पहले चरण के तहत 152 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। करीब 3.6 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र थे। निर्वाचन आयोग के आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन- वोटर टर्नआउट एप पर रात आठ बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक बंगाल में 92 फीसदी से अधिक मतदान दर्ज किया गया है। जो अब तक के सबसे अधिक आंकड़ों में शामिल है।

तमिलनाडु में रात आठ बजे तक के मतदान प्रतिशत

तमिलनाडु में आज सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुआ। यहां करीब 5.7 करोड़ मतदाता चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों की किस्मत तय कर रहे हैं। राज्य में भी भारी मतदान देखने को मिला और शाम तक लगभग 85% से अधिक मतदान दर्ज किया गया। तमिलनाडु में 2011 का रिकॉर्ड टूटा है।

गर्मी और उमस के बावजूद मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई जगहों पर परिवहन की कमी और बूथ बदलने को लेकर विरोध भी हुआ, लेकिन कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण रहा। यहां मुख्य मुकाबला डीएमके गठबंधन और एआईएडीएमके-एनडीए गठबंधन के बीच है, जबकि कुछ क्षेत्रों में त्रिकोणीय मुकाबला भी देखने को मिला।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दोनों राज्यों में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। हजारों फ्लाइंग स्क्वॉड और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई थी। मतदान को सुचारू बनाने के लिए सरकारी कार्यालयों और कई संस्थानों में छुट्टी घोषित की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान कर सकें।

लोकतंत्र का उत्सव: रिकॉर्ड भागीदारी

विशेषज्ञों के अनुसार, दोनों राज्यों में रिकॉर्ड मतदान यह दर्शाता है कि जनता में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति गहरी आस्था है। महिलाओं और युवाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।

पश्चिम बंगाल में अगले चरणों में भी मतदान होना बाकी है।

दोनों राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।