श्रीनगर गढ़वाल: राजकीय इंटर कॉलेज स्वीत, खिर्सू (पौड़ी गढ़वाल) में ग्रीन पहाड़ी फाउंडेशन द्वारा यू-कॉस्ट के सहयोग से “एआई एवं साइबर सिक्योरिटी” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. कपिल पंवार, विशिष्ट अतिथि डॉ. अंकित उछोली एवं हिमांशी नौटियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य व शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं बैज अलंकरण कर सम्मान किया।
कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता राकेश कण्डारी ने किया, उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि डॉ. कपिल पंवार (असिस्टेंट प्रोफेसर, केंद्रीय गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर) ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक रहने और उनके सकारात्मक उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों से दूरी बनाने वाले छात्र भविष्य में पीछे रह जाएंगे।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंकित उछोली ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में कौशल विकास के साथ-साथ नई तकनीकों की समझ विकसित होती है।
पहले सत्र में एनआईटी की छात्रा हिमांशी नौटियाल ने विद्यार्थियों को एआई की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एआई के उपयोग में सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि इसे सहायक (Assistant) के रूप में उपयोग करना चाहिए, न कि पूरी तरह निर्भर हो जाना चाहिए, ताकि सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित न हो।
द्वितीय सत्र में डॉ. अंकित उछोली ने साइबर सुरक्षा पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी साझा न करने तथा सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में भी उत्कृष्ट शिक्षक उपलब्ध हैं, इसलिए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने ज्ञान का पूरा उपयोग करना चाहिए। एवं अपने को प्राइवेट विद्यालय के विद्यार्थियों से कम नहीं समझना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा छात्र-छात्राओं को शीतल पेय व बिस्किट भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक प्रवीण भट्ट, डा शिवराज रावत, राहुल लिंगवाल, महेश्वर उनियाल, नरेन्द्र तिवाडी, जयलाल सिंगवाण, अव्वल पुण्डीर, डीबी घिल्डियाल, दलीप रावत, जया बहुगुणा, अल्का बहुगुणा, पुष्पा दानू, सीता देवी, रीता देवी, कृष्णा देवी, ग्रीन पहाड़ी फाउंडेशन के अरुणेश मिश्रा प्रवेश सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राकेश मोहन कन्डारी ने किया।



