देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गढ़ भवन बेल रोड क्लेमेंटाउन देहरादून में गढ़वाल भातृ मंडल संस्था द्वारा आयोजित ‘गढ़ कौथिग मेला-2022’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘ समलौंण’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया।
मेलो के संरक्षण से संस्कृति का संरक्षण संभव
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़वाल भातृ मंडल संस्था के सदस्यों को भव्य कार्यक्रम हेतु शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के मेले एवं कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी को लोक संस्कृति गायन नित्य के बारे में पता चलता है, उन्होंने युवाओं से अनुरोध करते हुए कहा कि हमें अपने पूर्वजों से अपनी संस्कृति सभ्यताओं के बारे में जानना चाहिए, साथ ही उसे विरासत के तौर पर आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा सांस्कृतिक मेले हमारी परंपराओं को जीवित रखते हैं उनके संरक्षण से ही हम अपनी संस्कृति का संरक्षण भी करते है। उन्होंने कहा इस बार पूरे राज्य में इगास त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया गया, ऐसे ही प्रयासों से निश्चित रूप से हमारी संस्कृति पीढ़ी दर पीढ़ी हस्तांतरित होगी।
विश्व की सांस्कृतिक राजधानी बनेगा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारा राज्य प्राकृतिक सौंदर्य, जंगल मैदान पर्वतों से भरपूर है, यह राज्य विभिन्न संस्कृति एवं सभ्यताओं से बना है उन्होंने कहा हमारा राज्य कल्चरल हब एवं विश्व की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी बने इसके लिए हमारी सरकार कार्यरत है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है, उन्होंने कहा विभिन्न विभागों से रिक्त पड़े पदों की सूची मांगी गई है, ताकि जल्द से जल्द भर्ती कराई जा सके। उन्होंने कहा विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े करीब 30 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी, उन्होंने कहा प्रतिभावान युवाओं को आगे आने का मौका मिले एवं योग्यता के आधार पर नौकरी मिले ऐसे में हम निष्पक्ष परीक्षाओं हेतु जल्द ही उत्तराखंड में सख्त अध्यादेश लाएंगे। इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, सुंदरलाल सेमवाल, जयपाल सिंह, डॉ. कमल घनशाला, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।