landslide on the Chamoli-Niti-Malari National Highway.

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में नीति-मलारी नेशनल हाईवे पर रविवार को पहाड़ी से भारी भूस्खलन हो गया। बताया जा रहा है कि हाईवे पर इन दिनों सड़क को डबल लेन बनाने का कार्य चल रहा है। इसी दौरान पहाड़ की कटिंग के समय अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से हाईवे बंद हो गया है। इस घटना के बाद नीति घाटी के दो दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया है। सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों, सेना की आवाजाही और जरूरी सामानों की आपूर्ति पर भी असर पड़ा है।

प्रशासन और बीआरओ की टीम ने हाईवे को खोलने का कार्य शुरू कर दिया है। लेकिन लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते आए दिन भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और वैकल्पिक व्यवस्था होने तक अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है।

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मंजर को स्थानीय लोगों ने कैमरे में कैद कर लिया।