गुरुग्राम: मातृ दिवस के अवसर पर पहाड़ की बेटी एवं एशियन कबड्डी लीग महिला की संस्थापक बंदना जुयाल डोभाल ने देश और दुनिया की बेटियों को कबड्डी खेल से जुड़ने का संदेश दिया। गुरुग्राम स्थित पांच सितारा होटल द लीला एम्बिएंस में एशियन कबड्डी लीग महिला संस्करण का भव्य शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर बंदना जुयाल डोभाल ने कहा कि एशियन कबड्डी लीग महिला के शुरू होने से महिला कबड्डी प्रतियोगिताओं को नया मंच मिलेगा, जिससे महिला खिलाड़ियों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस लीग में देश-विदेश की महिला खिलाड़ी भाग लेंगी।

लीग में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, कर्नाटक एवं आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों की खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अर्जेंटीना, नॉर्वे, केन्या, जर्मनी समेत दक्षिण-पूर्व एशिया और मिडिल ईस्ट के कई देशों की महिला खिलाड़ी भी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।

कार्यक्रम में लीग की सह-संस्थापक प्रीति श्रीवास्तव, चेयरमैन डॉ. प्रवीण शेट्टी तथा नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सदस्य संदेश यादव भी मौजूद रहे।

डॉ. प्रवीण शेट्टी ने इसे महिला कबड्डी के लिए एक सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि इससे युवतियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं प्रीति श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि आगामी अगस्त माह से लीग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इस दौरान संदेश यादव ने भारत में कबड्डी के ऐतिहासिक महत्व और उसके उज्ज्वल भविष्य पर अपने विचार व्यक्त किए।