Commonwealth Games 2026 Indias historic performance

CWG 2026: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने 10वें दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने शनिवार को कुल 16 पदक अपने नाम किए, जिनमें 8 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 39 (13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य) हो गई है और भारतीय दल पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया 65 स्वर्ण सहित 158 पदकों के साथ पहले, इंग्लैंड 102 पदकों के साथ दूसरे और कनाडा 59 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत ने मेजबान स्कॉटलैंड को पीछे छोड़ते हुए चौथा स्थान हासिल किया।

मुक्केबाजी में भारत का दबदबा, सात स्वर्ण पदक

10वें दिन भारत की सबसे बड़ी सफलता मुक्केबाजी में रही। भारतीय मुक्केबाजों ने सात स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया।

स्वर्ण पदक विजेता:

  • सचिन सिवाच (पुरुष 60 किग्रा)
  • अंकुश (पुरुष 70 किग्रा)
  • प्रीति पवार (महिला 54 किग्रा)
  • जैस्मिन लंबोरिया (महिला 57 किग्रा)
  • साक्षी चौधरी (महिला 51 किग्रा)
  • प्रिया घंघास (महिला 60 किग्रा)
  • अरुंधति चौधरी (महिला 70 किग्रा)

रजत पदक विजेता:

  • लवलीना बोरगोहेन (महिला 75 किग्रा)
  • जादूमणि सिंह (पुरुष 55 किग्रा)
  • नरेंद्र बेरवाल

महिला मुक्केबाजों ने विशेष रूप से शानदार प्रदर्शन किया। अरुंधति चौधरी ने इंग्लैंड की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता चैंटेल रीड को 5-0 से हराकर स्वर्ण जीता। प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया ने भी अपने-अपने फाइनल मुकाबले 5-0 के एकतरफा अंतर से जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया।

एथलेटिक्स में भी शानदार प्रदर्शन

पुरुष ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता, जबकि सेल्वा प्रभु तिरुमारन ने 16.52 मीटर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

5000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने कांस्य पदक जीतकर एक नया कीर्तिमान बनाया। वह एक ही कॉमनवेल्थ गेम्स में एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। इससे पहले वे 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीत चुके थे।

शॉट पुट में भी भारत ने रचा इतिहास

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन शॉट पुट में भी भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। पुरुषों के शॉट पुट एफ57 इवेंट में सोमन राणा ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस इवेंट में भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स का पहला गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी बने।

 जूडो में ऐतिहासिक उपलब्धि

जूडो में भी भारत का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। इस संस्करण में भारत ने पहली बार दो स्वर्ण पदक जीते। अस्मिता डे और हर्ष सिंह स्वर्ण पदक विजेता बने, जबकि यामिनी मौर्य ने रजत और उन्नति शर्मा ने कांस्य पदक जीतकर भारत को इस खेल में रिकॉर्ड चार पदक दिलाए।

 भारत के अब तक के 13 स्वर्ण पदक विजेता

  • मीराबाई चानू – भारोत्तोलन (महिला 48 किग्रा)
  • शर्मिला धनखड़ – पैरा एथलेटिक्स (महिला शॉटपुट F57)
  • दिलीप महादू गावित – पैरा एथलेटिक्स (पुरुष 100 मीटर T47)
  • अस्मिता डे – जूडो (महिला 48 किग्रा)
  • हर्ष सिंह – जूडो (पुरुष 60 किग्रा)
  • प्रीति पवार – मुक्केबाजी
  • जैस्मिन लंबोरिया – मुक्केबाजी
  • सोमन राणा – पैरा एथलेटिक्स (पुरुष शॉटपुट F57)
  • साक्षी चौधरी – मुक्केबाजी
  • अरुंधति चौधरी – मुक्केबाजी
  • प्रिया घंघास – मुक्केबाजी
  • सचिन सिवाच – मुक्केबाजी
  • अंकुश – मुक्केबाजी

पदक तालिका (10वें दिन के बाद)

स्थानदेशस्वर्णरजतकांस्यकुल
1ऑस्ट्रेलिया654152158
2इंग्लैंड264135102
3कनाडा18202159
4भारत1317939
5स्कॉटलैंड1381738

 

अंतिम दिन 40 पदकों का लक्ष्य

प्रतियोगिता के अंतिम दिन भारत की चुनौती जूडो और ट्रैक साइक्लिंग में रहेगी। जूडो में ईशरूप नारंग, अवतार सिंह और यश घंघास से पदक की उम्मीद है, जबकि ट्रैक साइक्लिंग में भी भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। यदि भारत एक और पदक जीतने में सफल रहता है, तो उसका कुल पदक आंकड़ा 40 के पार पहुंच जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारत के स्वर्ण पदक विजेताओं—सचिन सिवाच, अरुंधति चौधरी, प्रिया घंघास समेत सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की।