पौड़ी: विकासखंड कल्जीखाल के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कांसखेत में सोमवार को विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ शिक्षाविद मनोहर सिंह रावत के 91वें जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में गुरु-शिष्य के आत्मीय मिलन ने सभी को भावुक कर दिया।
अपने जन्मोत्सव के अवसर पर मनोहर सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं के शैक्षिक हित में विद्यालय को ₹51 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृत अध्यापक घनानंद बागसी एवं छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। समारोह में उनके परिवारजन, पूर्व सहयोगी शिक्षक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि ब्रिटिश शासनकाल में स्थापित यह विद्यालय वर्तमान में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कांसखेत (सीबीएसई) के रूप में संचालित हो रहा है। मनोहर सिंह रावत ने इस विद्यालय में 38 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति के 32 वर्ष बाद भी वह शिक्षा, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए विद्यालय को निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के अनुभव साझा करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उनके समय में संसाधनों और सुविधाओं का अभाव था, जबकि आज विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं एनजीओ के माध्यम से विद्यार्थियों को अनेक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन अवसरों का लाभ उठाकर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त कर अनेक छात्र राजनीति, न्यायपालिका, भारतीय प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा तथा शिक्षा विभाग के उच्च पदों तक पहुंचे हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राकेश प्रजापति एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने संयुक्त रूप से उन्हें उपहार भेंट कर स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की कामना की।
इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी एवं पूर्व प्रधानाध्यापिका श्रीमती मंजुलता रावत, पूर्व प्रधानाचार्य राकेश रावत, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी भानु प्रताप सिंह रावत, पूर्व पीटीए अध्यक्ष चित्र सिंह रावत, विजय नैथानी, सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी, पूर्व प्रभारी प्रधानाचार्य मोहम्मद कादिर सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।




