नई दिल्ली: फेडरेशन ऑफ व्यापार मंडल एवं नई दिल्ली भाजपा परिवार की ओर से प्रेस क्लब दिल्ली में पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भगत सिंह कोश्यारी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने पर अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली ने की।

इस अवसर पर सीए राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को मिला यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लोगों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कोश्यारी जी का 66 वर्षों का सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन अत्यंत गौरवपूर्ण रहा है। उन्होंने पत्रकारिता, शिक्षा और राजनीति के क्षेत्र में अतिविशिष्ट योगदान देकर समाज और राष्ट्र की सेवा की है, जिसके लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।

उन्होंने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सदैव जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी।

अभिनंदन समारोह में पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है और राज्य के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी लोगों से समाज के उत्थान एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सूर्य प्रकाश सेमवाल, डॉ. विनोद बछेती एवं डॉ. हरिसुमन बिष्ट सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए और भगत सिंह कोश्यारी के योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में उत्तराखंड मूल के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पंकज पैन्यूली, प्रताप थलवाल, मुरार कंडारी, सत्यप्रकाश नौटियाल, अनिल पंत, हरीश असवाल, गिरीश शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।