Home खेल नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में 88.67 मीटर भाला फेंक, जीता...

नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में 88.67 मीटर भाला फेंक, जीता का खिताब, पीएम मोदी ने दी बधाई

दोहा : टोक्यो 2020 ओलम्पिक के भाला फेंक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने सत्र की शानदार शुरूआत करते हुए यहां कतर स्पोर्ट्स क्लब में शुक्रवार को अपने पहले प्रयास ही में 88.67 मीटर की शानदार थ्रो के साथ दोहा डायमंड लीग 2023 जीत ली। चोपड़ा ने अपने पहले प्रयास में 89.94 मीटर के निजी सर्वश्रेष्ठ और राष्ट्रीय रिकॉर्ड के करीब पहुंचने में सफलता पायी।

चेक गणराज्य के जाकुब वादलेच, जिन्होंने टोक्यो में रजत पदक जीता था, ने अपने दूसरे प्रयास में सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ 88.63 मीटर का प्रदर्शन किया। भारतीय एथलीट ने अपने दूसरे प्रयास में 86.04 मी की थ्रो फेंकी। उनका तीसरा प्रयास 85.47 मी रहा लेकिन चौथा प्रयास वह फाउल कर बैठे। उनके आखिरी दो थ्रो 84.37 मी और 86.52 मी रहे। मौजूदा भाला फेंक विश्व चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 85.88 मी की थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

गौरतलब है कि डायमंड लीग में उतरने वाले एथलीट को पदक के बजाये अंक दिए जाते हैं। डायमंड लीग सीरीज की समाप्ति पर शीर्ष आठ एथलीट डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं। इस साल का फाइनल 16 और 17 सितम्बर को यूजीन में होगा।  डायमंड लीग का अगला चरण 28 मई को रबात, मोरक्को में होगा। दूसरी तरफ नीरज अगली बार एक्शन में चेक गणराज्य में 27 जून को गोल्डन स्पाइक ऑस्ट्रावा इवेंट में दिखाई देंगे।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नीरज चोपड़ा को दोहा डायमंड लीग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि ‘‘वर्ष की पहली प्रतियोगिता और पहला स्थान। 88.67 मीटर की र्वल्ड लीड थ्रो के साथ नीरज चोपड़ा का दोहा डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन। उन्हें बधाई! आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।’’