Pauri News: जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के आह्वान पर प्रदेशभर के जूनियर शिक्षक अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। संगठन की प्रमुख मांग टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने सहित विभिन्न शिक्षकीय समस्याओं के समाधान से जुड़ी हुई है।

आंदोलन के तृतीय चरण के तहत जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ पौड़ी गढ़वाल द्वारा 18 मई 2026 को जनपद मुख्यालय पौड़ी में विशाल धरना-प्रदर्शन एवं हुंकार रैली आयोजित की जाएगी। संगठन ने सभी शिक्षकों से व्यक्तिगत व्यस्तताओं को दरकिनार कर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

पूर्व जिला मंत्री मुकेश काला ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे सभी शिक्षक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एकत्रित होंगे। इसके बाद अपराह्न 1 बजे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से हुंकार रैली तहसील पौड़ी, बद्रीनाथ धर्मशाला, एजेंसी चौक और रामलीला ग्राउंड होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचेगी। अपराह्न 3 बजे जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।

पूर्व जिला मंत्री मुकेश काला ने कहा कि शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है और जब तक मांगों का समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।