Home खेल Asian Hockey Champions Trophy 2023 : टीम इंडिया ने चौथी बार एशियन...

Asian Hockey Champions Trophy 2023 : टीम इंडिया ने चौथी बार एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी का ख़िताब जीतकर रचा इतिहास

Asian Hockey Champions Trophy 2023

India Wins Asian Champions Trophy Hockey: भारतीय हॉकी टीम ने चौथी बार एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब जीतकर इतिहास रचा दिया है। भारतीय हॉकी टीम ने चेन्नई में खेले जा रहे एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के फाइनल मुकाबले में शनिवार को मलयेशिया को 4-3 से हराकर चौथी बार एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है। इसके साथ ही टीम इंडिया सबसे ज्यादा बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली टीम बन चुकी है। भारत ने इस मामले में पाकिस्तान को पछाड़ दिया है, जिसने तीन मौके पर टाइटल जीता था। भारत-पाकिस्तान के अलावा दक्षिण कोरिया ही एक मौके पर इस टूर्नामेंट को जीत पाया है। कोरिया ने साल 2021 में यह खिताब जीता था।

शनिवार को चेन्नई में खेले गए रोमांचक फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। हाफटाइम के समय तक मलेशिया 3-1 से आगे था। भारतीय टीम ने 1-3 से पिछड़ने के बावजूद जोरदार खेल दिखाते हुए तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने शानदार वापसी की। तीसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में भारत ने दो गोल दागे। सबसे पहले कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया। उसके कुछ सेंकेड्स के बाद गुरजंत सिंह ने फील्ड गोल दागकर मुकाबले को बराबरी पर ला खड़ा कर दिया। फिर आखिरी क्वार्टर में आकाशदीप सिंह ने भारत के लिए निर्णायक गोल दागा। इस तरह भारत ने इस मुकाबले में 4-3 से जीत हासिल की।

भारत की ओर से जुगराज सिंह (19वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (45वें मिनट), गुरजंत सिंह (45वें मिनट) और आकाशदीप सिंह (56वें मिनट) ने गोल दागे। उधर मलेशिया के लिए अजराई अबू कमाल, रजी रहीम और एम। अमीनुद्दीन ने गोल किए।

भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत पर पूरे देश में खुशी का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर समेत कई दिग्गज हस्तियों ने भारतीय टीम के दमदार खेल की तारीफ की है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की तरफ से भी टीम इंडिया को शुभकामना दी गई है।

इससे पहले भारत ने 2011, 2016 और 2018 में यह ट्रॉफी जीती थी। 2018 में भारत और पाकिस्तान संयुक्त रूप से विजेता रहा था, क्योंकि फाइनल बारिश की वजह से रद्द हो गया था। पांच साल बाद एक बार फिर टीम इंडिया चैंपियन बनी है। भारतीय टीम इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। भारतीय हॉकी टीम को अब हांगझोऊ एशियन गेम्स में हिस्सा लेना है। ऐसे में इस जीत से जरूर भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा होगा।