श्रीनगर गढ़वाल: गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक प्रथम वर्ष में प्रवेश के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 12 जून से शुरू हुए पंजीकरण 29 जून तक होंगे। इस संदर्भ में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसांई की ओर से जारी किए गए निर्देशों में कहा गया है कि एनटीए की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (मुख्य)-2026 में शामिल अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर, श्रीनगर में संचालित बीटेक कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे।
प्रवेश कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई), इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ईसीई), इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग (आईई), मैकेनिकल इंजीनियरिंग (एमई) व सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शाखाओं में किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को समर्थ पोर्टल पर 12 जून से 29 जून 2026 सायं 5 बजे तक अनिवार्य रूप से पंजीकरण करना होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन पत्र भरकर सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।



