ग्रेटर नोएडा: आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य एवं सफल बनाने के लिए भारतीय योग संस्थान ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संस्थान के साधक एवं पदाधिकारी विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित योग शिविरों एवं अभ्यास सत्रों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ा जा सके।

इसीक्रम में गुरुवार को संस्थान की ओर से तीनों जिलों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

जिला प्रधान सीमा गुप्ता, बलजीत नागर एवं जितेंद्र भाटी ने बताया कि योग दिवस के सफल आयोजन के उद्देश्य से शहर में प्रतिदिन सैकड़ों स्थानों पर योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष का मुख्य सामूहिक योग कार्यक्रम ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ स्कूल परिसर में प्रातःकाल आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।